मुंबई के ठाणे में कुछ अज्ञात आरोपियों ने एक युवती का बलात्कार किया और उसके साथी युवक को गोलियों से छलनी कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना ठाणे से 45 किमी दूर तीतवाला की है। पीड़ित युवती का उल्लहासनगर के सेंट्रल हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है।
घटना के 24 घंटे बाद भी आरोपी पुलिस की गिरफ्त से दूर हैं। पुलिस के अनुसार दिनकर अपनी मित्र के साथ सोमवार रात मोटरसाइकिल से घर जा रहा था और अंबरनाथ-चिंचपाड़ा मार्ग पर रात नौ बजे दोनों के साथ यह घटना हुई।
पीड़िता ने पुलिस को दिए बयान में कहा है कि रास्ते में कुछ युवकों ने उनको रोका था। वे सभी शराब के नशे में थे और उनके पास हथियार थे। विरोध करने पर आरोपियों ने युवक से हाथापाई की और उसे गोलियां मार दीं। एक गोली युवक की छाती पर और दूसरी नाक पर लगी थी।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और घटनास्थल के आसपास के गांवों में पूछताछ कर रही है। पुलिस का मानना है कि यह आरोपी राह चलते लोगों को लूटने वाले गिरोह के सदस्य हो सकते हैं।