उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में छेड़छाड़ी का विरोध करने की एक महिला को ऐसी सजा दी गई, जिसने कानून व्यवस्था को फिर से शर्मसार किया है। मामला गोरखपुर के सहजनवां इलाके का है जहां छेड़खानी का विरोध करने पर एक महिला को न सिर्फ निर्वस्त्र कर पीटा गया बल्कि उसे सरेआम गांव में भी घुमाया गया।
हैरान करने वाली बात है कि मनबढ़ों की इस हरकत का एक शख्स ने विरोध किया तो उसकी भी पिटाई कर दी गई। इसी बीच किसी ने डायल 100 पर सूचना दे दी, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही मनबढ़ फरार हो गए।
इसके बाद पीड़ित महिला ने थाने पहुंचकर आपबीती बताई। हालांकि पुलिस कार्रवाई की जगह इस मामले को रफा-दफा करती नजर आई। पुलिस की नजर में यह मामूली मारपीट की घटना है। शनिवार को दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया है।