एक सौतेला पिता किशोरी से छह साल तक दुराचार करता रहा। किशोरी अपनी मां से विरोध जताती तो दुष्कर्म में पति का सहयोग करते हुए उसे पीटकर जान से मारने की धमकी दी जाती। दो बार गर्भपात कराने का भी आरोप है। बालिग होने पर करीब साढ़े तीन माह पूर्व उसकी शादी हुई तो पति से बताने पर यह भांडा फूटा।
महिला थाने में पीडित की तरफ से केस दर्ज कराते हुए बुधवार को बयान दर्ज कराए गए। मुजफ्फरनगर के मंडी थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला के पति की दस साल पहले मौत हो गई थी। जिसके बाद उसने दूसरी शादी कर ली थी। इस दौरान महिला की बेटी की उम्र करीब 13 साल थी। बाद में यह परिवार सहारनपुर शिफ्ट हो गया। पीड़िता का आरोप है कि उसकी मां और सौतेले पिता ने उसकी पढ़ाई छुड़वा दी। यहां तक कि सौतेला पिता उसके साथ गलत काम करने लगा। कई बार विरोध किया तो उसकी पिटायी करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी जाती।
जब उसने अपनी मां से शिकायत की तो मां ने भी उसकी पिटायी करते हुए घर से बाहर निकालने की धमकी दी। आरोप है कि जब उसका सौतेला पिता उसके साथ दुष्कर्म करता था तो मां भी उसका साथ देती थी। शादी से पहले तक सौतेला पिता उसकी इज्जत से खेलता रहा। बाद में इसी साल 19 मई को उसकी शादी लिसाड़ीगेट थाना क्षेत्र में हापुड़ रोड स्थित एक कॉलोनी में कर दी।
कुछ समय बाद पीड़िता के पति को असलियत का पता चला तो उसके भी होश उड़ गये। बाद में पीड़िता अपने पति के साथ महिला थाने पहुंची और आरोपी सौतेले पिता के खिलाफ बलात्कार और मां पर साजिश रचने के आरोप में केस दर्ज करा दिया।