दिल्ली के करावल नगर इलाके में एक पिता ने अपने ही बेटे पर चोरी का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। पीड़ित जितेंद्र कुमार की शिकायत पर पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर आरोपी नवीन कुमार (22) की तलाश शुरू कर दी है। जितेंद्र का आरोप है कि उनके बेटे को शराब पीने की लत लगी हुई है। इसके अलावा वह अपने बिगड़ैल दोस्तों के साथ घर से बाहर रहता है। करावल नगर थाना पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, जितेंद्र परिवार के साथ करावल नगर के मुकुंद विहार में रहते हैं। जितेंद्र दिल्ली जल बोर्ड में काम करते हैं। जितेंद्र ने पुलिस को बताया कि उसका बेटा नवीन शराब पीने का आदी है। उसको शराब पीने के अलावा फालतू चीजों में रुपये खराब करने की आदत है। अक्सर वह रात के समय घर से बाहर रहता है।
रोप है कि शनिवार को रातभर वह घर से गायब रहा। इस बीच तड़के चार बजे वह घर पहुंचा। यहां कुछ देर रुकने के बाद आरोपी चला गया। इधर, परिवार जब सुबह सोकर उठा तो अलमारी में रखे जेवरात, कुछ नगदी व एक मोबाइल फोन गायब थे। नवीन से पूछताछ करने पर वह गोलमोल जवाब देने लगा। पिता ने रविवार को उसकी शिकायत पुलिस से कर दी। छानबीन के बाद पुलिस ने नवीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।