ओडिशा के कटक जिले के जगन्नथपुर गांव में एक 6 साल की मासूम के साथ बलात्कार किया गया। इतना ही नहीं आरोपी ने स्कूल के अंदर बच्ची को तड़पता हुआ छोड़ दिया और खुद मौके से फरार हो गया। बच्ची बिस्कुट खरीदने के लिए घर से निकली थी। लड़की के शरीर पर कई जगह चोट के निशान हैं जिसकी वजह से उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। इस मामले में 25 साल के आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस का कहना है कि लड़की शनिवार को बिस्कुट खरीदने के लिए घर से निकली थी। परिवार उसके वापस आने का इंतजार कर रहा था क्योंकि उस समय बिजली गई हुई थी। जब बच्ची के वापस आने का कोई संकेत नहीं मिला तो परेशान माता-पिता ने गांववालों के एक समूह के साथ खुद उसे ढूंढना शुरू कर दिया। पुलिस ने बताया कि खोजबीन के दौरान
स्कूल परिसर के अंदर बच्ची बेहोश और बिना कपड़ों के मिली। उसके सिर और मुंह से खून निकल रहा था।
कथित आरोपी उसे इस हालत में छोड़कर फरार हो गया क्योंकि उसे लगा कि बच्ची मर गई है। मासूम को तुरंत निजी नर्सिंग होम ले जाया गया। जिसके बाद उसे कटक के एससीबी मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में रेफर कर दिया गया। डॉक्टर्स का कहना है कि उसके सिर, चेहरे, छाती और प्राइवेट पार्ट्स में गहरी चोटों के निशान हैं और उसकी हालत बेहद गंभीर है।
इस मामले में ओडिशा के स्वास्थ्य मंत्री प्रताप जेना ने अस्पताल जाकर बच्ची का हाल-चाल लिया। उन्होंने बताया कि 13 डॉक्टरों की एक टीम बच्ची का इलाज कर रही है। पुलिस इंसपेक्टर डीके मलिक ने बताया कि पीड़िता के दादा की लिखित शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बलात्कार और जान से मारने के प्रयास जैसे विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।