महाराष्ट्र में एक नर्स ने सरकारी डॉक्टर की पूरे स्टाफ के सामने चप्पलों से पिटाई कर दी। आरोप है कि वेतन न मिलने से नर्स नाराज थी। वाशिम जिले के मनोरा सामुदायिक अस्पताल में नर्स संविदा पर कार्यरत है। डॉक्टर की पिटाई की घटना अस्पताल में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। पुलिस ने दोनों पक्षों की ओर से मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक डॉक्टर महेश राठौड़ ने नर्स पर सरकारी मुलाजिम पर ड्यूटी के दौरान मारपीट का आरोप लगाया है, जबकि नर्स ने अपनी शिकायत में लिखा है कि डॉक्टर ने गलत इरादे से उसका हाथ पकड़ा। खबर के मुताबिक 26 साल की नर्स वाशिम जिले के मनोरा सामुदायिक अस्पताल में संविदा पर कार्यरत है।
बताया जा रहा है कि पिछले दो महीने से नर्स के वेतन का भुगतान नहीं हुआ था, जिसकी वजह वो नाराज चल रही थी। घटना 13 जुलाई की रात की है, जब डॉक्टर राठौड़ अस्पताल के वार्डों का निरीक्षण कर रहे थे।
आरोप है कि इस दौरान नर्स ने उनसे सैलरी को लेकर बात की और अचानक अपनी चप्पल उतारकर डॉक्टर को पीटना शुरू कर दिया। जब नर्स का इससे जी नहीं भरा, तो उसने डॉक्टर को थप्पड़ भी जड़ दिए।
घटना के समय अस्पताल का स्टाफ, मरीज़ और उनके रिश्तेदार मौजूद थे। वहीं नर्स का कहना है कि रात के समय डॉक्टर ने गलत इरादे से उसका हाथ पकड़ा, जिसकी वजह से उसने पिटाई की। हालांकि अस्पताल के स्टाफ ने बीच-बचाव करके मामले को शांत किया।
पुलिस के मुताबिक दोनों पक्षों की तरफ से केस दर्ज कर लिया गया है। अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है।