इन दिनों मच्छरों का कहर हर तरफ फैला हुआ है डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया से कोई नहीं बच पाया फिर क्या आम लोग और क्या सेलिब्रिटी इन दिनों सभी मच्छरों का शिकार बने हुए हैं। इन्हीं मच्छरों की वजह से पांच लाख की ईनामी नक्सली महिला को हिरासत में लिया गया है। कई खुंखार वारदातों को अंजाम देने वाली इस नक्सली महिला को उस समय गिरफ्तार किया गया जब वह अस्पताल में मलेरिया का इलाज कराने आई थी।
लंबे समय से फरार लखेपिताकुम्मा पर बारूदी विस्फोट से सीआईएसएफ के सात जवानों की हत्या और आप नेता सोनी सोरी पर हमला करने का आरोप है इसके साथ उस पर दर्जनभर मामले दर्ज हैं। बताया जाता है कि लखे 14 साल की उम्र से ही नक्सली गुटों के कई पदों पर रही है।
नक्सल ऑपरेशन के सहायक पुलिस अधीक्षक जीएन बघेल ने बताया कि इंटेलिजेंस को सूचना मिली थी की जनताना सरकार की अध्यक्ष और एरिया कमेटी की सदस्य लखे को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है। उसे 15 सितंबर को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन वह अगले ही दिन अस्पताल से डिस्चार्ज हो गई फिर जब उसे 18 सितंबर को दोबारा भर्ती कराया गया तो पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।