बेंगलुरु में एक शख्स को अपने बलात्कारी दोस्त की मदद करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। सईद अकबर जुबेर नाम के शख्स को सरकारी अस्पताल से मेडिकल रिकॉर्ड बुक चुराने के आरोप में धर दबोचा गया है। जुबेर 15 साल की नाबालिग बेटी के बलात्कार के आरोप में गिरफ्तार एक पिता का दोस्त है।
जुबेर का मकसद रिकॉर्ड को खत्म करके आरोपी को कैद से आजाद कराना था। उसने शिवाजीनगर के बोरिंग और लेडी कर्जन हॉस्पिटल से पीड़िता और आरोपी की मेडिको लीगल केस (एमएलसी) रिकॉर्ड बुक को चोरी किया। पुलिस के मुताबिक जुबेर ने चीफ मेडिकल ऑफिसर डॉ केएन शंकर के केबिन से इस अहम रिकॉर्ड को चुराया है। वारदात के दिन चीफ ऑफिसर राउंड पर गए थे और इसी का फायदा उठाकर जुबेर वहां से रिकॉर्ड बुक लेकर फरार हो गया।