महाराष्ट्र में 34 वर्षीय सब इंस्पेक्टर पर रेप पीड़िता के साथ रेप करने और धमकी देने का आरोप लगा है। उसने उसी पीड़िता के साथ रेप किया जिसके मामले में वह बीते साल से जांच कर रहा है। रोहन गंजारी नामक पुलिसकर्मी की तैनाती कोनगांव पुलिस स्टेशन में की गई थी। यहां वह 26 वर्षीय महिला का केस संभाल रहा था। पीड़िता का कहना है कि उसकी मर्जी के बिना उसके बॉयफ्रेंड का नाम एफआईआर में लिखा गया और जब उसने कहा कि उस नाम को हटाया जाए तो गंजारी ने उसे धमकी दी और उसके साथ रेप किया।
जानकारी के मुताबिक महिला साल 2015 में छुट्टियां मनाने भिवंडी में अपनी रिश्तेदार के घर आई थी। तभी उसकी मुलाकात मोबाइल की दुकान चलाने वाले सतीश (28) से हुई। सतीश ने शादी का वादा करने के बाद उसके साथ रेप किया। इसके बाद जब सतीश की प्रेमिका रबिया को इस बारे में पता चला तो उसने भी पीड़ता को धमकी देना शुरू कर दिया। रबिया ने एक दिन पीड़िता को अपने घर पर बुलाया।
जब वह वहां गई तो उसे जूस में नशीली दवा मिलाकर दी गई। जिसके बाद रबिया के दोस्त ने उसके साथ रेप किया। रबिया ने पूरी घटना को रिकॉर्ड कर लिया था। वह पीड़िता को धमकाने लगी और उसने 50 हजार रुपये की मांग की। जिसके बाद पीड़िता ने कोनगांव पुलिस के पास रबिया और उसके दोस्त के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई। लेकिन पुलिसकर्मी ने सतीश का नाम भी एफआईआर में लिख लिया। इसके बाद गंजारी ने सतीश को जेल में डाल दिया और उसे छोड़ने के बदले में पीड़िता से शारीरिक संबंधों की मांग करने लगा।
फिर 8 अगस्त को गंजारी पीड़िता को कल्याण लॉज ले गया। वहां उसने उसके साथ रेप किया। इससे पहले उसने एक स्टेटमेंट पर पीड़िता के हस्ताक्षर भी करवाए। जिसमें लिखा था कि वह अपनी मर्जी से गंजारी के साथ संबंध बना रही है। लेकिन इसके बाद भी गंजारी उसे परेशान करता रहा। उससे परेशान होकर पीड़िता गंजारी के खिलाफ कोनगांव पुलिस स्टेशन पहुंची। थाने में मौजूद एक अन्य पुलिसकर्मी का कहना है कि पीड़िता के शिकायत दर्ज कराने से पहले ही गंजारी शहर छोड़कर भाग गया था। उसके परिवार को भी नहीं पता है कि वह कहां गया है।