केरल के एर्नाकुलम स्थित महाराजा कॉलेज के कैंपस में कथित तौर पर इस्लाम समर्थक एक संगठन के सदस्यों ने स्टूडेंट फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) के एक नेता की चाकू मारकर हत्या कर दी एवं दो अन्य को घायल कर दिया।
विज्ञापन
पुलिस ने सोमवार को बताया कि रविवार रात एर्नाकुलम के महाराजा कॉलेज परिसर में कथित तौर पर कैंपस फ्रंट एवं इसके मातृ संगठन पापुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआई) के कार्यकर्ताओं ने इन छात्रों पर हमला किया। घायल छात्रों में से एक की हालत नाजुक बताई जाती है। मामले में पीएफआई और कैंपस फ्रंट के तीन कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया है।
माकपा की छात्र शाखा एसएफआई ने अभिमन्यु (20) की हत्या के विरोध में सोमवार को राज्यव्यापी बंद बुलाया था। एसएफआई नेता अभिमन्यु स्नातक का द्वितीय वर्ष का छात्र था। वह इडुक्की जिले के वत्तावडा का रहने वाला था। वह संगठन की इडुक्की जिला समिति का सदस्य भी था।
विज्ञापन
पुलिस ने बताया कि शव को एर्नाकुलम जनरल अस्पताल की मोर्चरी में रखा गया है। पुलिस ने कॉलेज की दीवारों के इस्तेमाल को लेकर टकराव की वजह से हमला का संदेह जताया है।
माकपा के राज्य सचिवालय सदस्य एवं पूर्व राज्यसभा सांसद पी. राजीव ने स्टूडेंट फेडरेशन ऑफ इंडिया के कार्यकर्ताओं पर हमले की निंदा की। उन्होंने इसे ‘चरमपंथी प्रकृति की ताकतों’ द्वारा किया गया ‘सुनियोजित’ हमला बताया।