मारपीट के दौरान किसान की गई जान
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
खेत पर हुए मामूली विवाद ने एक किसान की जान ले ली। मामला अलीगढ़ के हरदुआगंज के गांव कलाई का है। एक खेत से दूसरे खेत में पानी चले जाने को लेकर दो पक्षों में झगड़ा हुआ। देखते ही देखते झगड़े ने गमगीन माहौल की शक्ल अख्तियार कर ली। आरोपी पक्ष में शामिल महिला समेत चार लोगों पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।
गुरुवार की सुबह करीब नौ बजे गांव कलाई निवासी चन्द्रवीर अपनी पत्नी और बच्चों के साथ खेत से गेहूं का भूसा ढो रहा था। इस बीच गांव का ही सतेन्द्र पत्नी और दो बेटों के साथ गेहूं की फसल काटने पहुंचा। उन्होंने खेत में पानी आता देख पूछताछ की तो चंद्रवीर की पत्नी ने बताया कि कल शाम मूंग की फसल में पानी लगाया था। किसी कारणवश उसके खेत में पानी आ गया। इस बात पर सतेंद्र तिलमिला गया और दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। कहासुनी इतनी बढ़ गई कि नौबत मारपीट की आ गई।
मारपीट के दौरान चंद्रवीर खेत की मेंड़ पर गिर पड़ा और उसकी रीढ़ की हड्डी टूट गई। आनन-फानन में उसे अलीगढ़ के एक निजी अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की खबर मिलते ही एसओ रमाकांत पचौरी मौके पर पहुंचे। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम केलिए भेजा गया। सीओ अतरौली और एसपीआरए बृजेश कुमार ने मृतक के परिजनों को उचित कार्रवाई का भरोसा दिया। मृतक के भाई सतपाल सिंह की तहरीर पर महिला सहित चार लोगों पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। फिलहाल किसी की गिरफ्तारी की खबर नहीं है।