ओडिशा से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। मल्कानगिरी जिले के एक घर में जिंदा जलकर तीन बहनों की मौत हो गई है। यह घटना मौलीगुडी साही में घटित हुई। इस घटना में जिन तीन बहनों की मौत हुई है उनकी पहचान 20 साल की आमलू राव, 18 साल की रेणुका और 16 साल की मंगा हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार- घर में जब आग लगी तो तीने बहनें घर के अंदर मौजूद थीं। वहीं उनके तीनों भाई घर से बाहर थे। भाई 10 दिन पहले हुई पिता नागेश्वर राव की मौत की रस्में निभाने घर से बाहर गए हुए थे। स्थानीय लोगों ने जब घर से उठती हुईं आग की लपटों को देखा तो इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
जिसके बाद दमकल विभाग मौके पर पहुंचा और किसी तरह उसने आग पर काबू पाया। हालांकि तब भी बहनों को बचाया नहीं जा सका और वह घर के अंदर ही जिंदा जलकर मर गईं। अभी तक घटना के पीछे की असल वजह का पता नहीं चल पाया है लेकिन माना जा रहा है कि एलपीजी सिलेंडर फटने की वजह से घर में आग लगा थी। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।