हैदराबाद पुलिस ने सोमवार को एक महिला पत्रकार के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इस पत्रकार ने कथित तौर पर अपने फेसबुक पेज पर एक ऐसा कार्टून बनाया था जिसमें भगवान राम के भक्तों और हिंदुओं की भावनाओं को आहत किया है।
यह शिकायत हिंदू संगठन के अध्यक्ष और वकील कश्मीशेट्टी करुणा सागर द्वारा दायर की गई थी। जिसके बाद, सतीदाबाद पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 295 A (जानबूझकर धर्म या धार्मिक विश्वासों का अपमान करके किसी वर्ग विशेष की भावनाओं को अपमानित करना) के तहत अंग्रेजी दैनिक समाचार पत्र के साथ काम करने वाली पत्रकार स्वाथी वदलामुडी के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
हालांकि आरोपी स्वाथी का कहना है कि उन्होंने शौक के तौर पर अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर कार्टून बनाया था, जिसमें उन्होंने कथुआ और उन्नाव गैंगरेप की घटनाओं पर अपनी पीड़ा को व्यक्त किया है। बता दें कि स्वाथी द्वारा बनाए गए इस कार्टून में,मां सीता भगवान राम से कह रही हैं 'मुझे खुशी है कि मेरा रावण ने अपहरण किया था और आपके भक्तों ने नहीं।'
गौरतलब है कि उन्नाव रेपकांड और जम्मू-कश्मीर के कठुआ में आठ साल की बच्ची के साथ हुए गैंगरेप के बाद हत्या के मामले को देशभर में आक्रोश का माहौल है। इस मामले को लेकर सिर्फ राजनेता ही नहीं बल्कि बॉलीवुड सेलिब्रिटीज और देश की जनता सोशल मीडिया से लेकर सड़क तक विरोध कर रहे हैं।