नाबालिग के साथ 18 महीने तक दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। जब नाबालिग गर्भवती हुई तो आरोपी ने उसका गर्भपात करा दिया। घटना उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले की है। जोया के डिडौली कोतवाली इलाके के एक गांव की नाबालिग लड़की को धमकाते हुए उसका रिश्तेदार 18 महीने तक दुष्कर्म करता रहा। लड़की जब गर्भवती हो गई तो पांच माह का गर्भपात करा दिया।
पुलिस ने नहीं सुनी तो पीड़ित पिता ने कोर्ट से मदद की गुहार लगाई। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने महिला समेत दो लोगों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
पीड़ित पिता के मुताबिक उसकी 17 साल की बेटी है। आरोप है कि उसके बेटे का साला 18 माह से उसकी बेटी को धमकाते हुए दुष्कर्म कर रहा था। इसी बीच लड़की पांच महीने की गर्भवती हो गई। बेटे के साले को जब इस बात का पता चला तो उसने गांव की ही एक महिला से मिल कर बेटी का गर्भपात करा दिया।
गर्भपात के बाद जब बात खुली तो उसने पुलिस से शिकायत की। सुनवाई नहीं होने पर अदालत से मदद की गुहार लगाई। अदालत के आदेश पर पुलिस ने महबूब निवासी गांव मीरा सराय की मढैय्या थाना अमरोहा देहात और रुखसार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी फरार चल रहे हैं।