क्या गर्लफ्रेंड और ब्यॉयफ्रेंड के झगड़े में मामला इतना ज्यादा बढ़ सकता है कि नौबत हत्या की आ जाए। लेकिन पुणे में ऐसा ही हुआ है। यहां एक युवती ने अपने ब्यॉयफ्रेंड की हत्या के लिए एक शूटर को मर्डर की सुपारी दे दी। हालांकि उसकी किस्मत अच्छी रही जो गोली लगने के बाद भी वह बच गया।
पुलिस के मुताबिक अदिति कैलाश गायकवाड़ नाम की 23 वर्षीय युवती ने एक बिजनेसमैन की हत्या के लिए शूटर को पैसे दिए थे। शूटर ने बिजनेसमैन योगेश शंकर शेलर पर दो राउंड फायरिंग की, जिसमें वो घायल हो गए।
योगेश की शिकायत के आधार पर पुलिस ने अदिति को गिरफ्तार कर लिया है, और उसके खिलाफ हत्या की कोशिश करने के लिए आईपीसी की धारा- 307 के तहत केस दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, शूटर ने योगेश पर गोली चलाते समय कहा था, 'ये अदिति की तरफ से तुम्हारे लिए गिफ्ट है, उसने तुम्हारे सिर में गोली मारे के लिए कहा है।' हालांकि हाथापाई में शूटर का निशाना चूक गया और एक बुलेट उसके पैर में लगी।
पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। ऐसा माना जा रहा है कि अदिति के पिता ने इस साल म्युनिसिपल कारपोरेशन के चुनाव में भाग लिया था। योगेश ने उनके लिए प्रचार भी किया था। इसी दौरान योगेश व अदिति मिले और उनके बीच करीबी बढ़ती गई।
लेकिन जब गायकवाड़ चुनाव हार गए तो अदिति ने इसका सारा इल्जाम योगेश पर लगाते हुए उसे जान से मारने के लिए सुपारी दे दी।