गुजरात विधानसभा चुनाव में अब तक के सबसे कड़े मुकाबले में भाजपा की विजय पताका फिर लहराने जा रही है, जहां पार्टी पिछले 20 साल से ज्यादा समय से सत्ता में है। उधर, हिमाचल प्रदेश की सत्ता कांग्रेस के हाथ से छिनने जा रही है। चुनाव बाद करवाए गए सभी एक्जिट पोल इन नतीजों की ओर ही इशारा कर रहे हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए प्रतिष्ठा का प्रश्न बन चुके गुजरात विधानसभा चुनाव का रण जीतने के लिए कांग्रेस ने राहुल गांधी के नेतृत्व में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी, लेकिन लगता है कि सत्ता विरोधी लहर नहीं चली और वोटर अभी उसे मौका देने के पक्ष में नहीं हैं।
वहीं एग्जिट पोल के नतीजों के बाद नेताओं के जुबानी जंग तेज हो गई है। छत्तीसगढ़ बीजेपी के वरिष्ठ नेता और रमन सरकार में मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने राहुल गांधी पर इशारों-इशारों में कटाक्ष किया। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि गुजरात में बीजेपी पूर्ण बहुमत के साथ आएगी और अभी 'पप्पू' को अपग्रेड होने में बहुत समय लगेगा।
उधर, एक्जिट पोल की आहट ने कांग्रेस में घबराहट बढ़ा दी है। कांग्रेस मुख्यालय में नए अध्यक्ष राहुल गांधी की ताजपोशी को लेकर चल रही तैयारियों के उत्साह पर भी एक्जिट पोल के नतीजों को असर दिखाई दे रहा है। हालांकि एक नेता के मुताबिक चुनाव नतीजों का राहुल के पदग्रहण समारोह से कोई लेना देना नहीं है।
एक्जिट पोल के नतीजों पर न्यूज चैनल पर बैठक कांग्रेस के प्रवक्ता इन नतीजों पर तर्क-कुतर्क करते दिखे लेकिन कांग्रेस की ओर से किसी नेता का कोई बयान नहीं आया। इस मुद्दे पर फिलहाल कोई नेता कुछ बोलने को तैयार भी नहीं हुआ।
Gujarat mein absolute majority se BJP aayegi, aur abhi pappu ko upgrade hone mein bohot samay lagega: Chhattisgarh Minister Brijmohan Agrawal #GujaratElection2017 pic.twitter.com/1vOmlPMMXm— ANI (@ANI) December 14, 2017