कोरोना संक्रमण की दर को देखते हुए राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने रविवार को लोगों से तीनों विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के नतीजों पर किसी भी तरह का जश्न नहीं मनाने की अपील की है। उन्होंने ट्वीट कर लोगों से संयम और अनुशासन बनाए रखने को कहा है।
गहलोत ने तीन ट्वीट कर लिखा, '‘आज प्रदेश में तीन सीटों पर हुए उपचुनाव के नतीजे घोषित होंगे, परिणामों को देखते हुए मेरी अपील है कि कोरोना संक्रमण के मद्देनजर किसी भी प्रकार का सेलिब्रेशन न करें, भीड़ इकट्ठी न करें, एकत्रित होकर या बाहर आकर पटाखे छोड़ने सहित किसी भी प्रकार का कार्यक्रम न किया जाए। राजनैतिक दलों के नेता, कार्यकर्ता, विजेता, समर्थक आदि सभी चुनाव परिणामों को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से बर्ताव करें, वर्तमान में बनी हुई स्थिति को देखते हुए हम सभी का अनुशासनात्मक व्यवहार बेहद आवश्यक है। सभी संयम और अनुशासन का परिचय देकर इस संकट से बाहर आने में सहयोग करें, क्योंकि जब तक संक्रमण की चेन नहीं टूटेगी, हमारे सभी प्रयास कम साबित होते जाएंगे। मुझे विश्वास है कि आप सभी का पूरा सहयोग मिलेगा।'’