सीआरपीएफ ने मंगलवार को दावा किया कि उन्होंने 10-15 नक्सलियों को मार गिराया है। 24 अप्रैल को सुकमा में 25 जवानों के हत्याकांड का बदला लेने के लिए सीआरपीएफ ने बस्तर के दंतेवाड़ा में नक्सलियों के क्षेत्र पर हमला करके 10-15 नक्सलियों को मार गिराया।
छत्तीसगढ़ पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि हमारे जवान जंगल में ऑपरेशन के लिए गए थे। उस दौरान उन्होंने नक्सलियों को मार गिराया। हालांकि न तो नक्सलियों के कोई शव और न ही हथियार इस अभियान के बाद बरामद किया जा सका है।
सीआरपीएफ अफसर के अनुसार सीआरपीएफ, कोबरा, स्पेशल टास्क फोर्स और डिस्ट्रिक्ट रिजर्व ग्रुप की एक संयुक्त टीम ने बीजापुर के बसकुरा इलाके में इस ऑपरेशन को अंजाम दिया।
इस मिशन को संयुक्त कमांड और कंट्रोल सेंटर ने संचालित किया जिसकी निगरानी रायपुर से की गई। दंतेवाड़ा के डीआईजी पी सुंदरराज ने एएनआई को दिए इंटरव्यू में इस मिशन को बहुत सफल अभियान बताया।
#WATCH: Joint ops conducted by CoBRA, DRG, STF & Chhattisgarh police in Naxal-affected areas at the borders of Bijapur & Sukma (May 12-16) pic.twitter.com/GN6UnPfDnK
— ANI (@ANI_news) May 16, 2017
कुछ दिन पहले ही ये खबर थी कि कोबरा कमांडो को बस्तर के जंगलों में हेलीकॉप्टर से उतारा जा रहा है। रविकार को एसटीएफ के एक घायल जवान को इलाज के लिए रायपुर लाया गया। इससे इस बात का अंदाजा तो लग गया था कि जंगलों में कोई अभियान जरूर चल रहा है। बाद में उस घायल जवान का निधन हो गया।
डीआईजी ने बताया इस अभियान में 2 जवान घायल हुए हैं। उन्होंने आगे बताया कि इसमें 10-15 नक्सली मरे गए हैं जबकि कई घायल भी हुए हैं। नक्सलियों के शव न मिलने के बाबत जब उनसे पूछा गया तो उन्होंने कहा कि मौके का फायदा उठाकर नक्सली अपने साथी के शवों को लेकर भागने में सफल हुए।