सीआईएसएफ ने गुरुवार को मुंबई हवाई अड्डे की दीवार फांदकर उड़ान भरने को तैयार विमान तक पहुंचने वाले व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया। डीजीसीए के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने कहा कि स्पाइसजेट विमान के पायलटों ने जब व्यक्ति को रनवे संख्या 27 पर खड़े अपने विमान की ओर आते देखा तो उन्होंने किसी भी घटना से बचने के लिये सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत विमान का इंजन बंद कर दिया।
हालांकि पुलिस ने कहा कि व्यक्ति ने हवाई अड्डे का बाड़/दीवार पार करने की कोशिश की और सीआईएसएफ ने तुरंत उसे अपनी गिरफ्त में ले लिया। एक अन्य पुलिस अधिकारी ने कहा कि व्यक्ति के पास मानसिक रूप से अस्वस्थ दिखाने के लिए सभी दस्तावेज थे।
दूसरे पुलिस अधिकारी ने कहा, उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई है। उसके परिवार के सदस्य उसे घर ले जाने के लिये आ रहे हैं। डीजीसीए के एक अधिकारी ने कहा कि व्यक्ति मानसिक रूप से कमजोर लगता है।