बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के हाइड्रोलिक इंजीनियर का बंगला महाराष्ट् सरकार ने मुंबई शहर के प्रभारी मंत्री असलम शेख को आवंटित कर दिया है। जबकि यह बंगला बीएमसी के मुख्य हाइड्रोलिक इंजीनियर के लिए है।
हाल ही में इस बंगले को खतरनाक घोषित किया गया है। आरटीआई कार्यकर्ता अनिल गलगली ने इसकी शिकायत मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे से की है।
आरटीआई कार्यकर्ता अनिल गलगली ने कहा कि हाईड्रॉलिक इंजीनियर के लिए आरक्षित बेल हेवन-1 बंगला बीएमसी की संपत्ति है। इसे खतरनाक घोषित कर आईएएस प्रवीण दराडे को इसे खाली करने के लिए मजबूर किया गया था।
गलगली ने कहा कि यह महाराष्ट्र सरकार द्वारा बीएमसी की संपत्ति पर अतिक्रमण है। इसके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को लिखे एक पत्र में सवाल किया है कि महाराष्ट्र सरकार ने बीएमसी की संपत्ति का वितरण किसी मंत्री को कैसे किया।
खतरनाक बंगला अचानक मंत्री असलम शेख को आवंटित के जाने से सबकी भौहें तन गई हैं। अनिल गलगली की मांग है कि हाइड्रोलिक इंजीनियर के लिए आरक्षित बंगला हाइड्रोलिक इंजीनियर को सौंप दिया जाए।
उन्होंने मुख्यमंत्री के अलावा मुख्य सचिव अजोय मेहता, बीएमसी आयुक्त इकबाल सिंह चहल से अनुरोध किया है कि वे बांबे हाईकोर्ट के आदेश के अनुसार बंगले का संरचनात्मक ऑडिट करें और प्रचलित नीति के अनुसार हाइड्रोलिक इंजीनियर को बंगला आवंटित करें।