भारतीय मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में मुंबई में कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना व्यक्त की है। बीएमसी ने कहा है कि वे मानसून के लिए तैयार हैं। साथ ही लोगों से सावधानी बरतने की भी गुजारिश की है जिससे किसी भी प्रकार का हादसा न हों।
आईएमडी के एक अधिकारी ने रविवार को बताया कि शनिवार सुबह साढ़े आठ बजे से शुरू हुए 24 घंटे के समयावधि के दौरान कोलाबा और सांताक्रूज वेधशालाओं ने क्रमश 44.2 मिलीमीटर और 27.7 मिलीमीटर बारिश दर्ज की।
आईएमडी ने अनुमान व्यक्त किया है कि रविवार को पूरे महाराष्ट्र में भारी बारिश होगी जो मराठवाड़ा और विदर्भ दोनों क्षेत्रों के लिए विशेष लाभकारी होगी। यहां इस मौसम में अब तक कम बारिश दर्ज की गई है।
इसमें बताया गया है कि मुंबई और इसके उपनगर ठाणे, पालघर और पुणे में एक जून और 24 जुलाई के बीच सामान्य औसत से अधिक बारिश दर्ज की गई है।
एक अधिकारी ने बताया कि रविवार को महाराष्ट्र के ठाणे जिले में मुरबाद को कल्याण से जोड़ने वाला पुल नदी के तेज बहाव में बह गया।
मुरबाद के तहसीलदार अमोल कदम ने बताया कि रेता गांव में उल्हास नदी पर बने पुल का एक हिस्सा बह गया और भारी बारिश में सड़क के हिस्से क्षतिग्रस्त हो गए, इससे पड़ोसी राज्य गुजरात के अहमदाबाद को जोड़ने वाले राजमार्ग पर यातायाता प्रभावित हुआ है।