महाराष्ट्र के पालघर जिले में हो रही भारी बारिश के कारण गुरुवार को पुल का एक बड़ा हिस्सा बह गया। जिला आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के प्रमुख विवेकानंद कदम ने बताया कि हादसे में किसी के घायल होने की खबर नहीं है। उन्होंने बताया कि पुल मोखडा तालुका के मोरचंडी गांव में एक छोटी नदी पर बना था।
वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक संजय आम्ब्रे ने कहा, तड़के सुबह पुल का एक बड़ा हिस्सा बह कर नदी में चला गया। इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं मिली है। किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचने के लिए पुल के दोनों ओर वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है।
उन्होंने बताया कि किसी प्रकार की दुर्घटना को टालने के लिए जवाहर तालुका से पड़ोसी जिले नासिक तक जाने वाले रास्ते पर यातायात की आवाजाही रोक दी गई है।
पुलिस अधिकारी संजय आम्ब्रे ने बताया कि एक अन्य घटना में तोरंगना घाट ढलान पर एक विशाल पत्थर लुढ़क कर मोखडा त्रिम्बकेश्वर मार्ग पर स्थित एक पुल की दीवार से टकरा गया। उन्होंने बताया कि इससे मोखडा तालुका से नासिक तक वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई है।