निर्भया के दरिंदों को सात साल के बाद ही सही, लेकिन कानून के लंबे हाथ ने उन्हें फांसी के फंदे तक पहुंचा ही दिया। इसके बाद अब नंबर है, महाराष्ट्र के कोल्हापुर की दो सगी बहनों का, जिन्हें जल्द ही फांसी हो सकती है। नाम हैं रेणुका शिंदे और सीमा गावित। आजाद भारत के इतिहास में पहली बार ऐसा होगा जब किसी महिला को फांसी दी जाएगी।
90 के दशक में दोनो बहनों ने मां के साथ चोरी से हत्या की दुनिया में कदम रखा। तब बड़ी बेटी रेणुका की उम्र 17 साल और छोटी बेटी सीमा की उम्र 15 साल थी, जब इन्होंने अपनी मां के साथ मिलकर पहले बच्चे की हत्या की थी। अंजनीबाई को उसके पति ने छोड़ दूसरी महिला से शादी कर ली।
इन महिलाओं ने जो हत्याएं की उस हत्या की कुछ कहानियां रोंगटे खड़े कर देने वाली हैं। कहा जाता है कि एक सात महीने के बच्चे को तो सिर्फ इसलिए जमीन पर पटककर मार डाला था, क्योंकि वह ज्यादा रो रहा था।
वहीं दो साल के एक बच्चे का सिर पहले दीवार से पटककर उसकी जान ले ली और फिर उसके टुकड़े-टुकड़े कर थैले में भरा। उसके बाद कोल्हापुर के एक थिएटर में सिनेमा देखने गई थीं।
एक बच्चे के अपहरण के आरोप में नासिक पुलिस ने इन तीनों को गिरफ्तार किया था और नवंबर, 1996 में पुलिस ने तीनों को जेल में डाल दिया। पूछताछ के दौरान जो मामले सामने आए, उससे न सिर्फ महाराष्ट्र बल्कि देशभर में हलचल मच गई थी।
तीनों के खिलाफ गंभीर आपराधिक मामले दर्ज थे। रेणुका का पति इस मामले में मुख्य गवाह बन गया, तो उसके खिलाफ सारे मामले हटा लिए गए। दिसंबर, 1997 में अंजनीबाई की गिरफ्तारी के एक साथ बाद ही जेल में मौत हो गई।
29 जून 2001 को सेशन कोर्ट ने दोनों हत्यारी बहनों को फांसी की सजा सुनाई। अगस्त 2006 में बॉम्बे हाईकोर्ट ने भी यही सजा बरकरार रखी। 14 अगस्त 2014 को राष्ट्रपति के पास दया याचिका दी।
उस समय प्रणव मुखर्जी देश के राष्ट्रपति थे। बाद में राष्ट्रपति ने भी दोनों बहनों की दया याचिका खारिज कर दी। अब दोनों को सजा-ए-मौत का इंतजार है।