राजधानी भोपाल में भीषण गर्मी में लोग जलआपूर्ति नहीं होने से परेशान है। शहर के कई इलाकों में चार दिनों से पानी की सप्लाई नहीं हुई है। जनता की परेशानी को लेकर सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर और नगरीय विकास एवं आवास विभाग के मंत्री भूपेंद्र सिंह ने आयुक्त को तुरंत समस्या के समाधान के निर्देश दिए है।
नगर निगम द्वारा पुरानी कोलार पाइप लाइन के स्थान पर नई पाइप लाइन से जल आपूर्ति शुरू करने के लिये 12 से 14 मई तक भोपाल शहर के कुछ क्षेत्रों में जल आपूर्ति रोकी गई थी, लेकिन जल आपूर्ति 15 मई दोपहर तक शुरू नहीं हो सकी। इससे नागरिकों को कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। लोगों के पास पीने तक का पानी नहीं है। इसको लेकर कांग्रेस ने भी प्रदर्शन किया। वहीं, जनता की शिकायतों के बाद नगरीय विकास एवं आवास मंत्री तथा भोपाल जिला प्रभारी भूपेन्द्र सिंह ने भोपाल में नगर निगम को निर्धारित शेड्यूल के अनुसार जल आपूर्ति बहाल नहीं करने पर गहरी नाराजगी व्यक्त की है। उन्होंने जल आपूर्ति जल्द शुरू करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिये हैं।
वहीं, सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने भी नगर निगम आयुक्त को जिले में जलआपूर्ति की समस्या पर फटकार लगाई है। उन्होंने सोमवार सुबह तक सभी इलाकों में जलआपूर्ति करने के निर्देश दिए है। इस पर भोपाल नगर निगम आयुक्त केवीएस चौधरी ने कहा कि पानी की टंकियों को भरने का काम शुरू कर दिया है। जिसके बाद पानी की सप्लाई शुरू कर दी जाएगी। आयुक्त ने सोमवार सुबह तक सभी इलाकों में जलआपूर्ति करने की बात कही है।