उमरिया जिले के पाली थाना क्षेत्र में एक बेहद शर्मनाक और दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। अपने ही पड़ोसी द्वारा एक नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। इस अमानवीय कृत्य के बाद क्षेत्र में गहरा आक्रोश है और लोगों ने आरोपी को सख्त सजा देने की मांग की है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच प्रारंभ कर दी है।
ये भी पढ़ें-
पिकनिक मनाने आए नाबालिग लड़के से सामूहिक दुष्कृत्य, आराेपियों की तलाश में जुटी पुलिस
मामले की जानकारी तब सामने आई जब पीड़िता की मां ने पाली थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। शिकायत में उन्होंने बताया कि वह खेत में धान की रोपाई के लिए गई थीं, जबकि उनके पति मवेशियों को चराने गए थे। इस दौरान घर में उनकी नाबालिग बेटी अकेली थी। इसी मौके का फायदा उठाकर पड़ोसी युवक घर में घुस आया। आरोपी ने पहले बच्ची से उसकी मां के बारे में पूछताछ की और फिर 50 रुपये का लालच देकर उसे फुसलाने की कोशिश की। लेकिन जब बच्ची ने पैसे लेने से इनकार किया, तो उसने जबरन दुष्कर्म किया। वारदात को अंजाम देने के बाद वह मौके से फरार हो गया।
ये भी पढ़ें-
स्कूल बस में चार साल की बच्ची से हैवानियत, दरिंदे ड्राइवर को कोर्ट ने सुनाई उम्रकैद की सजा
रोती हुई बच्ची ने सुनाई आपबीती
शाम को जब बच्ची की मां खेत में काम कर रही थी, तब पीड़िता वहां रोती हुई पहुंची और पूरी घटना की जानकारी दी। यह सुनकर मां के पैरों तले ज़मीन खिसक गई। उन्होंने तुरंत अपने पति को सूचित किया और अगले ही दिन बच्ची को लेकर पाली थाने पहुंचीं। पाली थाना प्रभारी राजेश चंद्र मिश्रा ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई की। आरोपी युवक को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया गया और पूछताछ शुरू की गई। थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़िता का मेडिकल परीक्षण करवाया गया है और उसके बयान के आधार पर विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।