क्या आपको लगता है कि डीजे बजाने की बात को लेकर भी इतना बड़ा विवाद हो सकता है कि कोई एक व्यक्ति पर लोहे की रॉड से हमला कर डाले। यदि नहीं तो यह खबर आपके काम की है, क्योंकि उज्जैन के एक गांव में एक तहसीलदार पर डीजे संचालक ने ऐसा हमला किया कि उसके सर में तीन टांके आए हैं।
महिदपुर के गांव पाताखेड़ी मे बाबा रामदेव जयंती पर समारोह चल रहा था। सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे। यहां डीजे वाले और तहसीलदार के बीच डीजे की तेज आवाज़ को लेकर कहासुनी हो गई। धीरे-धीरे विवाद इतना बढ़ गया कि डीजे वाले ने ड्यूटी पर तैनात तहसीलदार का सिर ही फोड़ दिया। जैसे ही इसकी जानकारी अधिकारियों को लगी तो मौके पर फोर्स पहुंच गई। एएसपी नितेश भार्गव ने बताया कि डीजे बजाने पर बैन लगा है। इसके बाद भी समारोह में तेज़ आवाज़ में डीजे बजाया जा रहा था। चिकली गांव के रहने वाले आरोपी डीजे संचालक धीरज और विनोद दोनों भाई हैं। दोनों पर केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों को गिरफ्तार कर महिदपुर थाना लाया गया है। डी जे भी जब्त कर लिया गया है।
नियम का उल्लंघन करने पर रोका
ड्यूटी पर तैनात तहसीलदार इरशाद खान ने बताया कि मेले के दौरान कार्यक्रम चल रहा था। इस दौरान डीजे वाला तेज आवाज में गाना बजा रहा था। उसको कई बार माइक से अनाउंस कर डीजे बंद करने को कहा, लेकिन वो नहीं माना। इसके बाद मैं पटवारी के साथ उसे समझाने गया था कि डीजे थोड़ी देर के लिए बंद कर लो या इसकी ध्वनि कम करलो, लेकिन वह नहीं माना और विवाद करने लगा।
दो लोगों ने किया हमला
तहसीलदार ने बताया कि डीजे बंद कराने के दौरान दो लोगों में से किसी एक ने लोहे की रॉड या लाठी से मुझ पर हमला कर दिया। सबकुछ इतना जल्दी हुआ कि मैं कुछ समझ नहीं पाया कि किस चीज से हमला किया गया है। मेरे सिर में तीन टांके लगे हैं। डॉक्टरों ने उन्हें उज्जैन रेफर किया है।
इन धाराओं में किया गया प्रकरण दर्ज
थाना झारड़ा क्षेत्र अंतर्गत रूपाखेड़ी गांव में डीजे बंद कराने की बात को लेकर दो असमाजिक तत्वों द्वारा महिदपुर नायब तहसीलदार मोहम्मद इरशाद पर हत्या का प्रयास कर जानलेवा हमला किया गया, जिस पर थाना झारड़ा पुलिस द्वारा दोनों आरोपियों विनोद पिता नैन सिंह, धिरप पिता नैन सिंह को गिरफ्तार कर आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 195/2024 धारा 109,132,121(1),221,3(5) बीएनएस व म.प्र कोलाहल अधिनियम का दर्ज किया गया, साथ ही आरोपियों से डीजे जब्त किया गया है।