कुछ दिन पहले मुस्लिम युवक के महाकाल दर्शन पर बवाल मचने के बाद बुधवार को नया मामला सामने आया है। मुस्लिम युवक हिंदू युवती के साथ महाकाल मंदिर पहुंचा और भस्मारती में शामिल हुआ। मंदिर में प्रवेश के लिए उसने दूसरे के नाम के आधार कार्ड का उपयोग किया। उसके हाव भाव और हरकतों में शक हुआ तो पूछताछ की। इसके बाद मामला उजागर हुआ। फिलहाल महाकाल थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इसकी विस्तृत जांच की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक बुधवार सुबह महाकाल की भस्मारती में युवक-युवती पहुंचे थे। युवक का नाम युनूस मुल्ला निवासी कर्नाटक है जबकि युवती का नाम खुशबू दुबे है। वह महाराष्ट्र में रहती है। युनूस के पास अभिषेक दुबे का नाम का आधार कार्ड मिला और इसी की बदौलत वह भस्मारती में गया था। बताया जा रहा है कि युनूस खुशबू का बॉयफ्रेंड है और दोनों साथ में उज्जैन आए थे। महाकाल मंदिर प्रशासन ने इसकी सूचना महाकाल थाना पुलिस को दी। पुलिस ने पूछताछ के बाद युनूस मुल्ला के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर गिरफ्तार किया है। युवती को भी हिरासत में लिया है। मंदिर समिति प्रशासक गणेश कुमार धाकड़ ने कहा कि यह मामला धोखाधड़ी का है, इसीलिए पुलिस को सौंप दिया है। सीएसपी पल्लवी शुक्ला ने बताया कि मंदिर समिति से सूचना मिलने के बाद युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है।