टीकमगढ़ जिले के थाना चंदेरा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जैवर में आकाशीय बिजली गिरने से एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। बीती शाम करीब सात बजे की बताई जा रही है, जब महिला अपने खेत में काम कर रही थी। अचानक मौसम खराब हुआ और तेज गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में आने से महिला की मौके पर ही मृत्यु हो गई।
थाना प्रभारी चंदेरा रश्मि जैन के अनुसार मृतिका की पहचान बिचकू पत्नी चतुर्भुज कुशवाहा, उम्र 52 वर्ष, निवासी ग्राम जैवर के रूप में हुई है। बताया गया कि वह रोज की तरह अपने खेत पर कार्य कर रही थी, तभी अचानक मौसम में बदलाव हुआ और देखते ही देखते बिजली गिर गई। घटना इतनी तेज और अप्रत्याशित थी कि महिला को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ
घटना की जानकारी मिलते ही जैवर चौकी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक पंचनामा कार्रवाई पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जतारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि महिला की मौत आकाशीय बिजली गिरने से ही हुई है।
ये भी पढ़ें- Indore Road Accident: देवगुराड़िया के पास सड़क हादसे में तीन की मौत, आठ घायल; मिनी ट्रक ने मारी जोरदार टक्कर
ग्रामीणों ने जानें क्या कहा?
ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के मौसम में अक्सर इस तरह की घटनाएं सामने आती हैं, लेकिन पर्याप्त जागरूकता और सुरक्षा उपायों के अभाव में लोग इसका शिकार हो जाते हैं। प्रशासन द्वारा समय-समय पर मौसम खराब होने की स्थिति में खेतों या खुले स्थानों पर न जाने की सलाह दी जाती है, लेकिन कई बार लोग काम जारी रखते हैं। इस दुखद घटना ने एक बार फिर आकाशीय बिजली के खतरों को उजागर कर दिया है। विशेषज्ञों के अनुसार, बिजली गिरने के दौरान खुले मैदान, पेड़ के नीचे या जल स्रोतों के पास रहना बेहद खतरनाक होता है। ऐसे समय में सुरक्षित स्थान पर शरण लेना ही सबसे बेहतर उपाय माना जाता है।