पिकअप वाहन की टक्कर से एक व्यक्ति की जिला अस्पताल टीकमगढ़ ले लाते समय मौत हो गई।पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
टीकमगढ़ जिला चिकित्सालय में स्थित पुलिस चौकी के प्रभारी नोने सिंह ने मंगलवार सुबह जानकारी देते हुए बताया कि टीकमगढ़ से लगे हुए उत्तर प्रदेश के जनपद ललितपुर के गांव बानपुर के रहने वाले राकेश यादव सोमवार रात गांव में ही पैदल जा रहे थे। तभी पीछे से आ रही एक पिकअप वाहन ने टक्कर मार दी, जिसमें वह घायल हो गए। इसके बाद परिजन उसे निजी वाहन से टीकमगढ़ जिला चिकित्सालय लाए, जहां पर डॉक्टरों ने चेकअप के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
नोने सिंह ने बताया कि देर रात्रि की घटना होने के बाद पंचनामा की कार्रवाई मंगलवार सुबह की गई और पोस्टमॉर्टम के बाद लाश परिजनों को सुपुर्द कर दी गई। मृतक राकेश यादव उम्र 45 साल बानपुर जिला ललितपुर का रहने वाला था, जो बीती रात्रि पैदल गांव में जा रहा था। उसी समय पिकअप वाहन ने टक्कर मारी। पुलिस चौकी प्रभारी नोने सिंह ने बताया, इस मामले में पुलिस चौकी जिला चिकित्सालय में मर्ग कायम किया गया है। मर्ग रिपोर्ट उत्तर प्रदेश के बानपुर थाने को भेजी जाएगी। इसके बाद आगे की कार्रवाई उत्तर प्रदेश पुलिस करेगी।