फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एमपी: संपत्ति में हिस्सा मांगने पर युवक की हत्या, मां और सगा भाई गिरफ्तार; 24 घंटे में पुलिस ने सुलझाई गुत्थी

Wed, 18 Nov 2026 06:58 PM IST
टीकमगढ़ ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, टीकमगढ़

सार

टीकमगढ़ के बम्होरीकला में संपत्ति में हिस्सा मांगने को लेकर हुए विवाद में 28 वर्षीय युवक की रस्सी से गला घोंटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मृतक के सगे भाई और मां को गिरफ्तार कर न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया।

 

विज्ञापन
पुलिस अभिरक्षा में आरोपी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिले के बम्होरीकला थाना क्षेत्र में संपत्ति विवाद के चलते एक युवक की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में मृतक के सगे भाई और मां को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, युवक की रस्सी से गला घोंटकर हत्या की गई थी। मामले का खुलासा होने के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, 14 नवंबर 2026 को बम्होरीकला के खुशीपुरा मोहल्ला निवासी सियाराम अहिरवार ने थाने पहुंचकर अपने छोटे भाई दीप उर्फ ज्वाला सिंह अहिरवार (28) की मौत की सूचना दी थी। उसने बताया कि दीप 13 नवंबर की रात करीब 9 बजे घर से बाहर गया था। अगले दिन सुबह करीब 5 बजे उसकी मां ने दरवाजा खोला तो घर के बाहर बने चबूतरे पर दीप का शव पड़ा मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार और इलाके में सनसनी फैल गई।

सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और परिस्थितियों की जांच के दौरान पुलिस को हत्या की आशंका हुई। इसके बाद 16 नवंबर को भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

जांच में सामने आया कि मृतक दीप उर्फ ज्वाला सिंह संपत्ति में अपना हिस्सा मांगता था। इसी बात को लेकर परिवार में अक्सर विवाद होता था। पुलिस के मुताबिक, मां और भाई संपत्ति में हिस्सा देने से इनकार करते थे। इस बात से नाराज होकर मृतक उनके साथ गाली-गलौज करता था। इसी विवाद से परेशान होकर आरोपियों ने कथित तौर पर रस्सी का फंदा बनाकर उसका गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने साक्ष्यों और जांच के आधार पर 17 नवंबर को सियाराम अहिरवार (32) और उसकी मां (55), दोनों निवासी खुशीपुरा मोहल्ला, बम्होरीकला को गिरफ्तार कर लिया। 18 नवंबर को दोनों आरोपियों को जतारा न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

संपत्ति में हिस्सेदारी को लेकर शुरू हुआ विवाद आखिरकार हत्या तक पहुंच गया। जिस परिवार में आपसी रिश्तों का सहारा होना चाहिए था, उसी परिवार के दो सदस्यों पर युवक की हत्या का आरोप लगा है। पुलिस ने 24 घंटे के भीतर मामले का खुलासा कर अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाने का दावा किया है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें