छिंदवाड़ा में लूट का शिकार हुआ कॉन्ट्रेक्टर।
- फोटो : अमर उजाला
छिंदवाड़ा में बुधवार को लूट की एक बड़ी वारदात सामने आई है। अज्ञात बदमाशों ने एक ठेकेदार को निशाना बनाया है। उसकी कनपटी पर कट्टा रखकर चार तोला सोने की चेन, मोबाइल फोन और नकदी लूटकर ले गए। वारदात सुबह 11:00 बजे की है। रंजीत उर्फ बिल्टू चटर्जी ठेकेदार है, जिसे बदमाशों ने रिंगरोड के पास रिसोर्ट बनाने के लिए साइट दिखाने बुलाया था। जैसे ही कार से वह यहां पहुंचा, बदमाश कार में आकर बैठ गए। उसकी कनपटी पर कट्टा अड़ाया और गले से सोने की चैन निकाल ली। उनके पास रखे नकदी मोबाइल फोन और कार की चाबी छीनकर भाग गए। जैसे-तैसे ठेकेदार लिफ्ट लेकर थाने पहुंचा। पुलिस को वारदात की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी।
रैकी कर दी वारदात को अंजाम
बदमाशों ने पहले कॉन्ट्रेक्टर से रिसोर्ट बनवाने की बात की। सुबह से लगभग दो से तीन बार उन्हें फोन कर रिंग रोड बुलाया। कॉन्ट्रेक्टर की माने तो घटना को अंजाम देने वाले चार बदमाश थे जो एक-दूसरे के संपर्क में थे। लगातार फोन से बातचीत कर रहे थे। वारदात को अंजाम देने के बाद चारों एक साथ सिवनी रोड की तरफ बाइक से भाग गए। जिस अंदाज में वारदात को अंजाम दिया गया, उससे कहा जा रहा है कि उन्होंने पहले घटना को लेकर रैकी की थी। घटना की सूचना लगते ही तत्काल कुंडीपुरा पुलिस मौके पर पहुंच गई जिन्होंने सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। हालांकि, पुलिस को कोई सुराग नहीं मिला है।