शहर के मध्य स्थित न्यू गांधी चौक से कुछ ही दूरी पर बने भारती टावर में मंगलवार तड़के भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आकर हरियाणा हैंडलूम, एक बड़ा जिम सेंटर और कई अन्य व्यापारिक प्रतिष्ठान पूरी तरह जलकर राख हो गए। हादसे में करोड़ों रुपए की आर्थिक क्षति हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह करीब 6 बजे सबसे पहले हैंडलूम की दुकान में आग लगी, जो देखते ही देखते पूरे टावर में फैल गई। आग लगने के वक्त जिम सेंटर में पचास से अधिक युवक-युवतियां मौजूद थे। समय रहते सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल आए, जबकि ऊपर के फ्लैट में रह रहे चार सदस्यीय परिवार को नगर पालिका की हाइड्रोलिक ट्रॉली के जरिए बाहर निकाला गया। सौभाग्य से किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
सूचना मिलने के करीब एक घंटे बाद दमकल की पहली गाड़ी मौके पर पहुंची। आग की भयावहता को देखते हुए बाद में नगर और जिले भर से अतिरिक्त दमकल गाड़ियाँ, एसडीआरएफ, रेस्क्यू टीमें और अन्य एजेंसियां बुलाई गईं। कुल मिलाकर 20 से अधिक बार पानी का छिड़काव किया गया, तब जाकर आग पर काबू पाया जा सका।
ये भी पढ़ें- Bhopal: सुप्रीम कोर्ट में मध्य प्रदेश OBC आरक्षण की सुनवाई टली, अगली सुनवाई 12 अगस्त को,OBC छात्रों की याचिका
घटना के बाद गांधी चौक से रेलवे स्टेशन की ओर जाने वाला मार्ग अस्थायी रूप से बंद कर ट्रैफिक डायवर्ट कर दिया गया। आग की लपटें इतनी ऊंची थीं कि उनका धुआं 200 मीटर दूर तक दिखाई दे रहा था। मौके पर जुटी भारी भीड़ को संभालने में पुलिस को खासी मशक्कत करनी पड़ी। जिम में मौजूद युवक शीतल टेकाम ने बताया, "हम लोग रोज़ की तरह एक्सरसाइज कर रहे थे, तभी धुएं की बदबू आई। कुछ ही पलों में धुआं भर गया, फिर हमें आग का पता चला। हम लोग सीढ़ियों से दौड़कर बाहर निकले।"
जिम में लगी आग से करीब एक करोड़ रुपये की फिटनेस सामग्री पूरी तरह नष्ट हो गई। नगर पालिका अध्यक्ष घनश्याम जायसवाल ने बताया कि बिल्डिंग में फायर सेफ्टी के कोई इंतजाम नहीं थे। मामले की जांच की जाएगी। पुलिस के मुताबिक, शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। अग्निकांड में आधा सैकड़ा से अधिक दुकानें जली हैं, और करोड़ों का नुकसान हुआ है।