Shahdol News: रेत के कारोबार में एक बार फिर पुलिस की लापरवाही सामने आई है। गोहपारू थाना क्षेत्र के चूंदी नदी में रेत का अवैध उत्खनन करते ट्रैक्टर को आम जनों ने पकड़ा। वहीं ट्रैक्टर को गोहपारु थाने के सुपुर्द कराया है, लेकिन पुलिस रेत से भरे ट्रैक्टर पर कार्रवाई करने में आनाकानी कर रही है, जिसकी शिकायत अब पुलिस के अधिकारियों से की गई है।
गोहपारु थाना क्षेत्र के ग्राम बेल्ली के चूंदी नदी में रेत का अवैध उत्खनन कर परिवहन किया जा रहा था, जिसमें रेत ठेकेदार के कर्मचारियों ने रेत परिवहन करने से मना किया व वाहन को जब्त करते हुए कार्रवाई के लिए गोहपारू पुलिस के सुपुर्द कर दिया। लेकिन हैरत की बात यह है थी कि गोहपारू पुलिस कार्रवाई करने की बजाय वाहन चालक को बचाने का प्रयास कर रही है।
विज्ञापन
वहीं कार्रवाई न होने से वाहन को पकड़ने वाले युवक अब पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को मामले की जानकारी दी है। गौरतलब है कि इन दिनों गोहपारू थाना क्षेत्र से पशु तस्करी व रेत के अवैध उत्खनन व परिवहन के मामले लगातार सामने आ रहे हैं, जिसमें पुलिस की संलिप्त भी दिखाई दे रही है।
अवैध कारोबार रुकने का नाम नहीं ले रहा
बता दें कि पुलिस कार्रवाई करने की बजाय कारोबारी को अभयदान दे रही है। पुलिस अधीक्षक कुमार प्रतीक की विशेष टीम ने बीते दिनों गोहपारु से लगभग 65 मवेशियों से भरे दो ट्रकों को जब्त किया था, साथ ही पशु तस्करी में पायलटिंग कर रही कार को भी जब्त करते हुए 10 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया गया था। बावजूद इसके गोहपारु थाना क्षेत्र में अवैध कारोबार रुकने का नाम नहीं ले रहा है, जिससे पुलिस की कार्यशैली पर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।