शहडोल में दुष्कर्मी ससुर के घर पर चला बुलडोजऱ.
- फोटो : अमर उजाला
शहडोल जिले के जैतपुर थाना क्षेत्र में घर में अकेली बहु को अपनी हवस का शिकार बनाने वाले ससुर के मकान पर प्रशासन का बुलडोजर चला। लगभग ढाई महीने पहले यह घटना हुई थी। पीड़िता ने अपनी शिकायत एसपी को की थी और उनके निर्देश पर ही जैतपुर थाना क्षेत्र में केस दर्ज हुआ था।
पुलिस अधीक्षक के नाम लिखी शिकायत में पीड़िता ने आरोप लगाया था कि ढाई महीने पहले उसका पति मजदूरी के लिए बाहर गया हुआ था। सास भी घर में नही थी। उस समय वह और ससुर घर में थे। इस बीच ससुर ने पीने के लिए उससे पानी मंगवाया। जब वह पानी देने लगी तो ससुर ने उसक हाथ पकड़कर जबरन बिस्तर पर लिटा दिया। फिर उसके साथ जबरदस्ती की। किसी तरह वह ससुराल से मायके गई। फिर सारा घटनाक्रम मां को बताया। उस समय लड़की के पिता भी मजदूरी के लिए गुजरात गए थे। जब वह लौटे तो मां ने मेरे साथ हुए दुराचार की जानकारी उन्हें दी। इसके बाद पीड़िता ने इसकी शिकायत पुलिस अधीक्षक से की। एसपी के निर्देश पर जैतपुर थाने में आरोपी ससुर के खिलाफ दुराचार का मामला दर्ज किया गया था। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद गुरुवार को उसका मकान जमींदोज कर दिया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।