सोनू जाटव उर्फ इमरत लाल की हत्या की गई।
- फोटो : अमर उजाला
बुधनी में युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि जिसे उन्होंने मारा है, वो उनकी बहन के साथ छेड़छाड़ करता था।
जानकारी के अनुसार सोनू जाटव उर्फ इमरत लाल वर्धमान फैक्ट्री में काम करता था। वह फैक्ट्री में ही काम करने वाली एक युवती से प्यार करता था। युवती उसे बिल्कुल भी पसंद नहीं करती थी। लगातार छेड़छाड़ से परेशान युवती ने परिजनों को सारी बात बता दी। युवती के परिजनों ने युवक को समझाइश भी दी थी, लेकिन इसके बाद भी युवक नहीं माना। बताया जाता है कि शुक्रवार को भी युवक सोनू ने युवती के साथ छेड़छाड़ की गई। इंदिरा नगर बुधनी निवासी युवती का भाई संजय प्रताप अपने दोस्तों के साथ मिलकर शुक्रवार की रात सोनू के घर पहुंच गया।
एसडीओपी सीएम द्विवेदी ने बताया कि संजय ने सोनू को रात 12:00 बजे के करीब उसके घर से बुलाया और उसे गडरिया नाला के पास ले जाकर रॉड-लाठी से जमकर मारा। आरोपी सोनू की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। खबर लगते ही संजय और साथी घबरा गए। उन्होंने हत्या में प्रयुक्त हथियार कुएं में फेंक दिए। पड़ताल के बाद पुलिस ने मामले में युवती के भाई और उसके चार दोस्तों को हिरासत में ले लिया है। वहीं हत्या में प्रयोग किए गए रॉड लाठी आदि को कुएं के अंदर से निकलवा कर बरामद कर लिए।