घर से निकाले जाने के बाद सड़कों पर भटक रहे बुजुर्ग माता-पिता
- फोटो : अमर उजाला
हत्या के मामले में जमानत पर बाहर आया युवक ने माता-पिता को घर से निकाल दिया है। वह अपने छोटे भाई से भी मारपीट करता है। गोली मारने की धमकी देता है। मामला जमीन विवाद का बताया जा रहा है। बुजुर्ग माता-पिता ने पुलिस से भी गुहार लगाई है।
जानकारी के अनुसार मामला ग्राम आमला थाना मंडी का है। यहीं का रहने वाला युवक हत्या के मामले में जेल जा चुका है, बीते 8 माह से वह जमानत पर बाहर है। उसने जेल से आते ही अपने माता, पिता, भाई, पत्नी और बच्चों को परेशान करना शुरू कर दिया। जमीनी विवाद के चलते वह परिवार के सभी सदस्यों को गोली मारने की धमकी दे रहा है। परेशान बुजुर्ग बूढ़े मां, बाप सीहोर शहर की सड़क पर बेसहारा घूम रहे हैं।
पिता आत्माराम ने बताया कि उन्होंने खुद मंडी थाना पुलिस को उनके बेटे से बचाने के लिए आवेदन तक दिया, लेकिन पुलिस ने कोई भी कार्रवाई नहीं की। माता रूखिया बाई ने बताया कि मेरा बेटा हत्या के मामले में सजायाफ्ता है। 8 महीने पहले ही जमानत पर घर आया है। उसने परिवार का जीना हराम कर दिया है। छोटे पुत्र के साथ आए दिन मारपीट करता है। गोली मारने की धमकी देता है। कई बार उनके साथ भी मारपीट कर चुका है। पीड़ित बुजुर्गों ने बेटे को वापस जेल में डालने की मांग करते हुए एसपी कार्यालय में आवेदन भी दिया है।