रातापानी अभयारण्य क्षेत्र में सड़क पर दिखा बाघ
- फोटो : सोशल मीडिया
जिले की नसरुल्लागंज तहसील क्षेत्र के आमडो, लोहपठार कोलार रोड क्षेत्र में रविवार रात बाघ दिखाई दिया है, जिससे ग्रामीण दहशत में हैं। बाघ को सड़क पर विचरण करते हुए देख मार्ग से निकल रहे लोगों ने बाघ का वीडियो बनाया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। बताते हैं कि वाहनों की रोशनी को देखकर बाघ जंगल में ओझल हो गया।
उल्लेखनीय है कि रातापानी वन अभयारण्य में अनेक बार बाघ व तेंदुए के मिलने की खबर मिलती रहती हैं। इसके बाद वन विभाग हरकत में आकर क्षेत्र में निगरानी कर बाघ व तेंदुए को पिंजरे में कैद कर नोमैंस लैंड में छोड़ देते हैं। रविवार को भी रात्रि 8 बजे के लगभग झोलियापुर-वीरपुर रोड के बीच आमडो गांव के कुछ ही दूरी पर बाघ नजर आया। जिससे वहां से गुजर रहे वाहन चालक भी कुछ देर के लिए सकते में आ गए। हालांकि कुछ लोगों ने सड़क पार कर रहे बाघ का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। बाघ घूमने की खबर लगते ही ग्रामीण दहशत में हैं। वन विभाग की ओर से फिलहाल इस मामले में कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली है।