मध्य. प्रदेश के सागर जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में एक बड़ी चोरी की घटना सामने आई है। बुधवार की शाम नेशनल हाइवे 44 पर चितौरा स्थित एक होटल में मंगौड़ी खाने के लिए रुके गल्ला व्यापारी की कार से अज्ञात चोरों ने 10 लाख रुपए पार कर दिए। जानकारी के अनुसार, गौरझामर निवासी अजय कुमार जैन, जो गल्ले का व्यापार करते हैं, सागर शहर के एचडीएफसी बैंक से 10 लाख रुपए निकालकर अपनी कार (एमपी 15 बीए 3844) में थैले में रखकर ले जा रहे थे। सागर से लौटते वक्त उन्होंने चितौरा के पास अन्नपूर्णा मंगौड़ी की दुकान पर नाश्ता करने के लिए गाड़ी सड़क किनारे खड़ी की थी।
नाश्ते के दौरान, अज्ञात बदमाशों ने उनकी कार की ड्राइवर सीट के पीछे की खिड़की का कांच तोड़कर अंदर रखा 10 लाख रुपए से भरा बैग चुरा लिया। जब व्यापारी अजय कुमार जैन वापस कार के पास पहुंचे, तो देखा कि कार की खिड़की टूटी हुई थी और बैग गायब था। उन्होंने तुरंत सिविल लाइन थाने में इसकी सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। देर रात तक पुलिस ने आसपास के टोल नाके और होटल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले, ताकि चोरों का सुराग मिल सके।