तेंदूपत्ता तोड़ने गई महिला पर भालू ने किया हमला
- फोटो : अमर उजाला
सागर जिले के महाराजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मुड़ेरी के जंगल में तेंदूपत्ता तोड़ रही महिला पर भालू ने हमला कर दिया। पत्नी पर भालू का हमला देख पास में मौजूद पति ने शोर मचाया और चिल्लाकर भालू को भगाया, फिर पत्नी की जान बचाई। जख्मी हालत में पत्नी को देवरी स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद महिला को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
बता दें कि कुसुमरानी पति करोड़ी गौंड (40) निवासी मुड़ेरी गांव से करीब डेढ़ किमी दूर जंगल में तेंदूपत्ता तोड़ने गई थी। साथ में पति करोड़ी भी था। सुबह करीब 7.30 बजे वह तेंदूपत्ता तोड़ रही थी। तभी अचानक भालू ने हमला कर दिया। भालू ने महिला को पकड़ लिया। पत्नी कुसुमरानी के चिल्लाने की आवाज सुन पति करोडी दौड़कर मौके पर पहुंचा और उसने चिल्लाकर आसपास पत्ता तोड़ रहे लोगों को बुलाया। लोगों का शोर सुनकर भालू महिला को छोड़कर भाग गया। लोग घायल कुसुमरानी को लेकर देवरी अस्पताल पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद इलाज के लिए सागर जिला अस्पताल भेज दिया।