बदनावर से शादी समारोह में शामिल होकर लौट रही लेडी कांस्टेबल की कार फोरलेन मार्ग पर खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में लेडी कांस्टेबल और उनके पति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार उनके दोनों बच्चे घायल हो गए। शनिवार शाम 5 बजे दोनों का पैतृक गांव में अंतिम संस्कार किया गया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर प्रकरण दर्ज कर लिया है।
रतलाम के माणक चौक थाने में पदस्थ लेडी कांस्टेबल झन्ना गामड़ अपने पति अरविंद और दो बच्चों के साथ बदनावर में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने गई थीं। शनिवार तड़के करीब 4 बजे, जब वे बदनावर से रतलाम लौट रहे थे, तब सिमलावदा के पास उनकी कार सड़क पर खड़े ट्रक से टकरा गई। इस दर्दनाक हादसे में झन्ना गामड़ और उनके पति अरविंद की मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलने पर बिलपाक थाना प्रभारी अय्यूब खान मौके पर पहुंचे और शवों को कार से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। पोस्टमार्टम के बाद दोनों के पार्थिव शरीर ग्राम बोरझडी ले जाए गए, जहां शाम 5 बजे अंतिम संस्कार किया गया।
थाना प्रभारी अय्यूब खान ने बताया कि झन्ना गामड़ के पति अरविंद प्राइवेट जॉब करते थे और मूल रूप से धार जिले के बदनावर के रहने वाले थे। शादी समारोह में शामिल होने के लिए पूरा परिवार बदनावर गया था। झन्ना गामड़ शुक्रवार शाम तक माणक चौक थाने में ड्यूटी पर थीं, जिसके बाद वे परिवार के साथ बदनावर रवाना हुई थीं।
हादसे के कारणों की जांच के दौरान सामने आया कि फोरलेन मार्ग पर सिमलावदा के पास निर्माण कार्य चल रहा था, और रात में ट्रक से निर्माण सामग्री उतारी जा रही थी। इसी दौरान कार ट्रक से टकरा गई। कार उनके पति अरविंद चला रहे थे, जबकि झन्ना गामड़ बगल की सीट पर बैठी थीं और दोनों बच्चे पीछे की सीट पर थे। हादसे में बच्चों को मामूली चोटें आईं।पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और मामले की जांच जारी है।