धार के देवलरा फाटे के पास उस वक्त हड़कंप मच गया जब आठ वर्षीय मासूम बच्ची को एक तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बच्ची की मौके पर मौत हो गई। कार चालक इस घटना के बाद फरार हो गया।
मध्य प्रदेश के धार जिले के धरमपुरी क्षेत्र में शुक्रवार को टवलाई के समीप देवलरा फाटे के पास एक तेज रफ्तार कार ने सड़क पार कर रही आठ वर्षीय मासूम बच्ची को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक बच्ची की पहचान आरुषि पिता राहुल (8), निवासी देवलरा, के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, आरुषि कक्षा दो की छात्रा थी और पानी भरने के लिए सड़क पार कर रही थी। इसी दौरान मनावर से धरमपुरी की ओर आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उसे बुरी तरह रौंद दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि बच्ची ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
आरोपी कार चालक फरार
विज्ञापन
हादसे के बाद कार चालक मौके से वाहन लेकर फरार हो गया। पकड़े जाने के डर से उसने कुछ दूरी पर स्थित एक गांव में कार छोड़ दी और वहां से भाग निकला। घटना की सूचना मिलते ही धरमपुरी पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। 108 एंबुलेंस की मदद से गंभीर रूप से घायल बच्ची को धरमपुरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मासूम आरुषि की अचानक हुई मौत से पूरे देवलरा गांव में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। धरमपुरी पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार कार चालक की तलाश शुरू कर दी है।