फैक्टरी संचालक राकेश जिनके साथ हुई ठगी।
- फोटो : सोशल मीडिया
वीडियो कॉल से ब्लैकमेलिंग के मामले तो सुनने में आते हैं लेकिन इंदौर में एक ऐसा मामला सामने आया है जिसमें वीडियो कॉल के जरिये ठगी की गई। आरोपियों ने बाकायदा वीडियो कॉल कर बैंक की लोकेशन दिखाई ताकि किसी तरह का शक न हो। जब व्यक्ति भरोसे में आ गया तो उसके करीब एक लाख 34 हजार रुपये उड़ा लिए।
जानकारी के मुताबिक भंवरकुआं क्षेत्र में रहने वाली राकेश हसीजा ने इस मामले में शिकायत की है। फरियादी फैक्टरी चलाता है। उसके पास एक युवती का फोन आया था। खुद को बैंककर्मी बताकर युवती राकेश से निजी जानकारी मांग रही थी। राकेश ने उसके पूछे अनुसार जानकारी दे दी लेकिन आखिर में युवती ने कहा कि आपके मोबाइल नंबर पर जो ओटीपी आया है वह बता दीजिए। इस पर राकेश को शंका हुई कि ये ऑनलाइन ठगी हो सकती है इसलिए उन्होंने ओटीपी नहीं भेजा। युवती को भी लगा कि अब ठगी करना मुश्किल है तो उसने राकेश का भरोसा जीतने के लिए वीडियो कॉल किया। वीडियो कॉल में राकेश को बैंक की लोकेशन दिखाई। इसके बाद राकेश को लगा कि हो न हो यह बैंक से ही कॉल है। इसके बाद राकेश ने युवती की बातों को गंभीरता से लिया और उसके पूछे अनुसार सभी जानकारी दे दी। अपने नंबर पर आया ओटीपी भी युवती को बता दिया। ओटीपी देते ही राकेश के पास एसबीआई बैंक से मैसेज आया जिसमें करीब एक लाख 34 हजार रुपये निकाले जाने की जानकारी मिली। इसके बाद राकेश को ठगी का एहसास हुआ और उसने तुरंत एसबीआई शाखा में शिकायत दर्ज करवाई। बैंक ने भी कहा कि बैंक द्वारा इस तरह के कॉल कर जानकारी नहीं मांगी जाती है। इस पर राकेश पुलिस थाने पहुंचा और रिपोर्ट दर्ज करवाई।