मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने गुरुवार को मध्य प्रदेश के पहले ड्रोन स्कूल और हॉस्टल का ग्वालियर में शुभारंभ किया। इस अवसर पर केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा समेत बीजेपी कैबिनेट के कई मंत्री मौजूद रहे। प्रदेश का पहला ड्रोन स्कूल एमआईटीएस इंजीनियरिंग कॉलेज में खोला गया है, इसके मुख्य ट्रस्टी ज्योतिरादित्य सिंधिया हैं। ड्रोन स्कूल में तीन महीने से लेकर एक साल तक के कोर्स संचालित होंगे।
ड्रोन टेक्नोलॉजी आधुनिक युग के लिए वरदान: शिवराज
ड्रोन स्कूल के शुभारंभ के अवसर पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि ड्रोन टेक्नोलॉजी आधुनिक युग के लिए वरदान है। इसका उपयोग क्रांतिकारी साबित होगा। विकास कार्यों की योजना बनाने के साथ ही आपदा प्रबंधन में ड्रोन उपयोगी साबित होने वाला है। खेतों में उर्वरक, दवाओं का छिड़काव, दूरस्थ स्थानों पर दवाएं पहुंचाने से लेकर कई कामों में ये मदद करेगा।
सीएम के अनियंत्रित ड्रोन को सिंधिया ने संभाला
ग्वालियर में ड्रोन स्कूल के शुभारंभ के मौके पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ड्रोन उड़ाकर देखा। इस दौरान जब उनका ड्रोन करीब 60 फीट की ऊंचाई पर अनियंत्रित हो गया तो पास खड़े केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने उसे संभाला और सीएम शिवराज की मदद की।