कमलनाथ के साथ रोशनी यादव की तस्वीर वायरल हुई थी।
- फोटो : सोशल मीडिया
जिला अध्यक्ष को लिखे पत्र में रोशनी यादव ने बहुत कुछ लिखा है। उन्होंने लिखा है कि बहुत दुखी मन से आहत होकर में भाजपा की सदस्यता त्याग रही हूं। मेरे राजनीतिक सफर में कई अनुभव मुझे भाजपा में रहते मिले, जिसके लिए मैं आजीवन आभारी रहूंगी लेकिन गत कुछ वर्षो से शीर्ष नेतृत्व का कार्यकर्ताओं और आम जनमानस के प्रति निराशा, नीति और नेतृत्व में उदासीनता, महिलाओं के प्रति दिखावटी योजना एवं उनके प्रति बढ़ते अत्याचार को देखकर मैं आहत हूं। भाजपा की सदस्य होकर रोजाना जनता से उठ रहे बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, महंगाई के सवालों का उत्तर देने में असमर्थ हूं। कार्यकर्ता केंद्रित दल अब नेता केन्द्रित है। जनता का ना प्रदेश सरकार में विश्वास है ना केंद्र सरकार पर। जिस दल से जनता खुश नहीं है उस दल में रहकर सेवा नहीं किया जा सकता है। भाजपा सरकार में भाजपा संगठन के ही कार्यकर्ताओं की अनदेखी और उनके साथ द्वैत व्यवहार के चलते प्रदेश में भाजपा की लगातार छवि खराब हो रही है। भाजपा कार्यकर्ता जब भी संगठन के उच्च अधिकारियों से या सरकार के मंत्रियों और नेताओं से अपनी समस्या साझा करते हैं, तो मंत्री और नेता तथा पदाधिकारी निराकरण को दूर उनकी बात तक नहीं सुनते। कार्यकर्ताओं की इस स्तर की उपेक्षा से मैं आहत हूं। निवाड़ी जिले की जनता लगातार भाजपा शासन में स्वयं को पीड़ित महसूस कर रही है। चूंकि जनता की पीड़ा मेरी अपनी भी पीड़ा है। इसलिए नेतृत्व को भाजपा की प्राथमिक सदस्यता एवं जिला उपाध्यक्ष पद से अपना इस्तीफा सौंप रही हूं।
पहले भी लग चुकी कांग्रेस में जाने की अटकलें
बता दें कि कुछ दिनों पहले रोशनी यादव और कमलनाथ की तस्वीर सामने आई थी। इसके बाद चर्चा थी कि रोशनी कांग्रेस में शामिल हो सकती हैं, पर रोशनी ने खुद ही इन खबरों का खंडन किया था। फोटो पर उनका कहना था कि कमलनाथ और शिवराज दोनों मेरे पितातुल्य हैं। दोनों से हमारे पारिवारिक संबंध हैं। वहीं रोशनी ने पार्टी द्वारा टिकट नहीं देने पर निर्दलीय चुनाव लड़ने की बात भी कही थी।