पुलिस गिरफ्त में आने से पहले और बाद की तस्वीर
- फोटो : सोशल मीडिया
मध्यप्रदेश के मंदसौर से रोचक मामला सामने आया है। वायडी नगर थाना क्षेत्र निवासी एक युवक ने धमकी भरा वीडियो बनाया और इसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए युवक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के हत्थे चढ़ने के बाद युवक ने एक और वीडियो बनाकर जारी किया जिसमें उसने माफी मांगी और कहा कि फेमस होने के लिए उसने इस तरह का धमकी भरा वीडियो बनाया था।
जानकारी के अनुसार मंदसौर के वायडी नगर थाना क्षेत्र के एकता नगर निवासी आफताब ने एक धमकी भरा वीडियो बनाया और उसे इंस्टाग्राम पर अपलोड कर दिया। वीडियो में युवक कह रहा है हम बंदूक भी रखते हैं और बम भी रखते हैं मुल्तानपुरा के छोरे हैं कुछ उड़ाने का दम भी रखते हैं शहर में ...। युवक के इस वीडियो के वायरल होते ही पुलिस ने छानबीन की और युवक को पकड़कर थाने ले आई। थाने पर युवक के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया। उधर पुलिस के हत्थे चढ़ने के बाद युवक ने एक और वीडियो जारी कर माफी मांगी और कहां कि फेमस होने के चक्कर में उसने बम और बंदूक का वीडियो बनाया था, लेकिन उसके पास न बम है ना बंदूक। इस मामले को लेकर एडिशनल एसपी गौतम सिंह सोलंकी ने बताया कि युवक के खिलाफ पुलिस थाना वायडी नगर पर शांति भंग करने की धारा 151 में कार्रवाई की गई है।