मध्य प्रदेश के धार जिले के कारम बांध के लीकेज के बाद बायपास चैनल बनाने में उत्कृष्ट कार्य करने वाले नागरिकों और संस्थाओं को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री निवास पर बुधवार को आयोजित कार्यक्रम में शिवराज ने कहा कि यह कार्यक्रम कोई कर्मकांड नहीं है। यह अंतरात्मा ने कहा कि शिवराज इनका तू सम्मान कर इसलिए मैंने आज आपको बुलाया है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बांध के पानी की सुरक्षित निकासी के लिए मार्ग बनाने वाले पोकलेन ऑपरेटर, पोकलेन मशीन हेल्पर, ब्रेकर ऑपरेटर आदि को सम्मान निधि के रूप में 2-2 लाख रूपए के चेक प्रदान किए। साथ ही शिवकुमार कोल, संजय भारती, मोहम्मद सैयद आलम, प्रमोद कुमार, सूरज कुमार कोल, नीतिश कुमार, अमित, जय सिंह, जितेन्द्र दरबार, मोतीलाल, इंदू, गंगाराम, सुनील, श्यामलाल, विजय तथा संतोष ओसारी को माल्यार्पण कर प्रमाण-पत्र और चेक प्रदान किये गये। साथ ही अलग-अलग संगठनों और नगर पंचायत से लेकर पंचायत के सहयोग करने वाले लोगों का भी सम्मान किया गया।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने इस अवसर पर कहा कि कारम डैम से पानी रिसने के मामले की जांच कमेटी गठित है। जिसके तथ्यों के आधार पर कर्रवाई करेंगे। सीएम ने कारम बांध के रेस्क्यू ऑपरेशन की याद करते हुए कहा कि एक ऐसा संकट जिसने मुझे भी तीन दिन और तीन रात सोने नहीं दिया। कोई और ही नहीं थी। एक ही चिंता, जुनून और जज्बा था कि हमारे भाई-बहन, बेटा-बेटी सब सुरक्षित रहें। केवल इंसान ही सुरक्षित ना रहे बल्कि मूक प्राणी जो बोल नहीं सकते, कोई गाय, भैंस, बैल बंधा रह गया हो, बकरा-बकरी रह गया हो वह भी सुरक्षित रहे।
सीएम ने कहा कि मैंने कलेक्टरों को कहा था कि मुर्गा मुर्गी को भी सुरक्षित निकाल ले जाना कहीं कोई जान नहीं जानी चाहिए। आज ह्रदय में संतोष है की जनता भी सुरक्षित रही और पशु-पक्षी भी सुरक्षित रहे। सीएम ने किसानों से कहा कि फसलों को थोड़ा बहुत नुकसान हुआ हे, लेकिन चिंता नहीं करना मामा भरपाई कर देगा। सीएम ने कहा कि हम एक बहुत बड़ी आपदा को टालने में सफल हुए हैं। उन्होंने कहा कि इस संकट में हमारे सभी साथी डंटे रहे। हमारे एसएन मिश्रा और उनकी पूरी टीम, कमिश्नर और आईजी इंदौर, कलेक्टर-एसपी धार, खरगोन नीचे तक के सभी कर्मचारी और अधिकारी।