मध्यप्रदेश के इटारसी रेलवे स्टेशन पर रविवार को रेलवे सुरक्षा विशेष बल (RPSF) के चार जवान गोली लगने से घायल हो गए। चार घायलों में से एक जवान की हालत गंभीर है।
बताया गया है कि वे अपने कक्ष में स्वचलित बंदूक साफ कर रहे थे, उसी दौरान गोली चल गई। इटारसी की डीएसपी रेलवे अर्चना शर्मा ने पीटीआई को फोन पर यह जानकारी दी। इटारसी मप्र की राजधानी भोपाल से करीब 95 किलोमीटर दूर है। उन्होंने बताया कि यह दुर्घटना रविवार दोपहर में हुई। चारों घायल जवानों को होशंगाबाद के नर्मदा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। नर्मदा अस्पताल के मीडिया प्रभारी मनोज सरण ने बताया कि जवान टिंकू धरमपाल की हालत नाजुक है, जबकि जगमोहन गुर्जर, सुमित कुमार व राजू घायल हुए हैं।