मुरैना जिले के बानमोर हाइवे पर महाकाल फैक्ट्री के सामने एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मुरैना से बानमोर आ रही एक टैक्सी को तेज रफ्तार कंटेनर (नंबर HR-69 C-0090) ने टक्कर मार दी। इस हादसे में टैक्सी सवार सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टैक्सी में करीब एक दर्जन यात्री सवार थे और यह क्षमता से अधिक भरी हुई थी। मृतका की पहचान रामादेवी (45 वर्ष), पत्नी रतीराम, निवासी मुंगावली का पुरा, जौरा के रूप में हुई है, जो अपने छह वर्षीय पुत्र कन्हैया के साथ मुरैना से बानमोर जा रही थी। हादसे में उनका बेटा भी घायल हो गया है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। दुर्घटना के बाद हाइवे पर यातायात बाधित हो गया, जिसे पुलिस ने नियंत्रित किया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि कंटेनर चालक तेज गति और लापरवाही से वाहन चला रहा था, जिससे यह हादसा हुआ। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और कंटेनर चालक की तलाश की जा रही है।