खरगोन में पुलिस सुरक्षा के बीच अतिक्रमण हटाया गया।
- फोटो : सोशल मीडिया
मध्यप्रदेश के खरगोन में जिला प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। यहां के शहरी सीमा से लगे डाबरिया फालिया में अतिक्रमणकारियों द्वारा बांस बल्ली और तिरपाल के सहारे झोपड़ियां बना कर पूरी बस्ती ही बसा दी गई थी, जिसे शनिवार को प्रशासनिक अमले ने बलपूर्वक खाली करवाया। जिला प्रशासन ने जेसीबी के जरिये अतिक्रमण को तोड़कर सारा मलबा भी ट्रेक्टर में भरवाकर जगह से खाली करवा दिया, हालांकि इस दौरान प्रशासन को लोगों के विरोध का सामना भी करना पड़ा।
खरगोन डाबरिया फालिया में शनिवार दोपहर जिला प्रशासन का अमला ट्रांसपोर्ट नगर के लिए आवंटित की गई बेशकिमती जमीन को खाली कराने पहुंचा। बता दें कि इसी जमीन पर पिछले कुछ दिनों से अतिक्रमणकारियों द्वारा बांस और बल्लियों के सहारे तिरपाल डालकर झोपड़ियां बना ली गई थीं। जिसके चलते एसडीएम भास्कर गाचले के नेतृत्व में तहसीलदार सहित नपा अमला इस अतिक्रमण को खाली कराने मौके पर पहुंचा था। प्रशासनिक अमले को देख लोगों ने कार्रवाई का विरोध भी किया। कुछ अतिक्रमणकारी तो जिला प्रशासन की लाई जेसीबी के सामने तक खड़े होकर विरोध दर्ज कराने लगे। अतिक्रमणकारियों के आक्रोश को देखते हुए पुलिस बल बुलाया गया। इसके बाद भारी पुलिस बल की मौजूदगी में प्रशासनिक अधिकारीयों ने यहां बनी झोपड़ियों को जेसीबी की मदद से हटाते हुए उसका सामान भी जब्त कर लिया। हालांकि कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में अतिक्रमणकारी आसपास ही मौजूद रहे। यहां रह रहे अतिक्रमणकारियों ने किसी कॉलोनी की तरह बकायदा चूने कि लाइनें डालकर जमीने कब्जा कर रखी थीं तो वहीं उन पर अब झोपड़ियां बनाने का प्रयास किया जा रहा था।
अतिक्रमणकारियों ने फेंके पत्थर
इधर कार्रवाई को लेकर एसडीएम भास्कर गाचले ने बताया कि यह जमीन नगर पालिका द्वारा ट्रांसपोर्ट नगर के लिए आवंटित है, और हमें जानकारी मिली थी कि एक दो दिन से कुछ लोग यहां अतिक्रमण का प्रयास कर रहे हैं। अतिक्रमण की सूचना पर तहसीलदार, नपा अमले ने एक दिन पहले भी अतिक्रमण हटाने का प्रयास किया था, जिस पर अतिक्रमणकारियों ने विरोध किया था, जिसके चलते अमला लौट गया था। यह करोड़ों रुपये की बेशकीमती जमीन है जो ट्रांसपोर्ट नगर के लिए सुरक्षित है, यहां सुनियोजित तरीके से अतिक्रमण किया जा रहा था। इनमे आसपास के गांव के साथ ही कुछ लोग बाहर से आकर भी अतिक्रमण का प्रयास कर रहे थे। आज पुलिस की मौजूदगी में कार्रवाई की गई है। साथ ही सीएमओ को भी बोर्ड लगाने और फेंसिंग करने के निर्देश दिए हैं, क्योंकि भविष्य में भी इस तरह की गुंजाइश हो सकती है, अभी फ़ोर्स काम होने के चलते कुछ लोग विरोध भी करते हुए पत्थर फेंक रहे थे। हम कार्रवाई कर रहे हैं।