मध्यप्रदेश में बड़वाह ब्लॉक (खरगोन) के बलवाड़ा के इंदौर-इच्छापुर हाइवे पर स्थित ग्वालुघाट पर मंगलवार शाम करीब चार बजे एक तेज रफ्तार यात्री बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इसमें दो बाइक सवार भी चपेट में आ गए, जिसमें नीचे दबी एक बाइक में युवक की मौके पर मौत हो गई। वहीं, दूसरी बाइक सवार पति-पत्नी बाल-बाल बच गए, जिन्हें मामूली चोट आई है।
बताया जा रहा है कि करीब 40 वर्षीय मृतक युवक मनोज पिता हुकुमचंद निवासी सिमरोल थाना क्षेत्र बड़वाह की ओर से अपने घर जा रहा था। वहीं, बस इंदौर से खंडवा जा रही थी। बस में करीब 45 से 50 यात्री सवार थे, जिसमें दर्जन भर यात्रियों को हल्की-फुल्की चोट आई है। वहीं, मृतक के शव को पीएम के लिए बड़वाह के सिविल अस्पताल लाया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही बलवाड़ा टीआई अनिल बावनिया और बड़वाह तहसीलदार शिवराम कनासे मौके पर पहुंचे। बस में सवार यात्रियों को सड़क पर वाहन रोककर लोगों ने निकाला। एंबुलेंस से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। जानकारी देते हुए बताया, बस की गति काफी तेज थी। अन्य लोगों ने बताया कि वह तो गनीमत रही कि बस झाड़म जाकर अटक गई। नहीं तो खाई में कई फीट नीचे गहराई में चली जाती। उल्लेखनीय है कि इंदौर-खंडवा सड़क मार्ग पर बसों को इतने परमिट हैं कि हर दो मिनट पर एक गाड़ी है।